बॉलीवुड अभिनेता तुषार कपूर ने हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में अपने 25 शानदार साल पूरे कर लिए हैं। इस खास मौके को यादगार बनाने के लिए अभिनेता ने मीडिया के साथ एक खास सेलिब्रेशन रखा, जहां उन्होंने केक कटिंग की और अपने फिल्मी सफर से जुड़े कई दिलचस्प किस्से साझा किए। सिल्वर जुबली के इस अवसर पर तुषार काफी भावुक भी नजर आए।
तुषार कपूर ने अपने करियर की शुरुआत साल 2001 में रिलीज हुई फिल्म मुझे कुछ कहना हैं से की थी। इस फिल्म में उनके साथ करीना कपूर नजर आई थीं। रोमांटिक और म्यूजिकल अंदाज वाली इस फिल्म ने रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर शानदार सफलता हासिल की थी और तुषार रातोंरात युवाओं के बीच लोकप्रिय हो गए थे।
इस खास दिन को और भी यादगार बनाने के लिए तुषार ने सोशल मीडिया पर पुरानी सिंगल स्क्रीन सिनेमाघरों की टिकटों का एक कोलाज भी शेयर किया। ये टिकटें मुंबई के अलग-अलग थिएटर्स की थीं, जहां उनकी डेब्यू फिल्म रिलीज हुई थी। फैंस के लिए यह पोस्ट किसी नॉस्टैल्जिक ट्रिप से कम नहीं रही।
मीडिया से बातचीत के दौरान तुषार कपूर ने अपने करियर के उतार-चढ़ाव पर भी खुलकर बात की। उन्होंने माना कि गोलमाल फ्रेंचाइज़ी उनके करियर के लिए गेम चेंजर साबित हुई। खासतौर पर एक मूक किरदार निभाने का फैसला उनके लिए जोखिम भरा था, लेकिन यही किरदार दर्शकों के बीच उनकी पहचान बन गया।
तुषार ने यह भी बताया कि वह इन दिनों अपने आगामी प्रोजेक्ट्स में व्यस्त हैं। अभिनेता हाल ही में गोलमाल 5 की लंबी शूटिंग शेड्यूल पूरी कर चुके हैं। फिल्म को लेकर फैंस में पहले से ही जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
25 साल पूरे होने के बाद भी तुषार कपूर का उत्साह और ऊर्जा पहले जैसी ही दिखाई देती है। रोमांस से लेकर कॉमेडी तक, उन्होंने हर तरह के किरदार निभाकर खुद को साबित किया है और यही वजह है कि आज भी वह बॉलीवुड का एक जाना-पहचाना चेहरा बने हुए हैं।
Check Out The Post:-