मुंबई, 12 अप्रैल, (न्यूज़ हेल्पलाइन)। छत्तीसगढ़ में दंतेवाड़ा-बीजापुर बॉर्डर के भैरमगढ़ इलाके में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। जवानों ने 3 नक्सलियों को मार गिराया है। तीनों के शव के साथ हथियार भी बरामद किया गया है। दंतेवाड़ा एसपी गौरव राय ने मुठभेड़ की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि बीजापुर के इंद्रावती क्षेत्र के जंगलों में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी, जिसके बाद करीब 400 जवानों को ऑपरेशन के लिए रवाना किया गया था। जवानों ने 2025 में अब तक 146 नक्सलियों को मार गिराया है।
एसपी गौरव राय के मुताबिक, दोनों जिलों का यह जॉइंट ऑपरेशन है। एनकाउंटर में माओवादियों को भारी नुकसान होने की संभावना है। मारे गए 2 नक्सलियों में से एक के 6 जनवरी को हुए बीजापुर जिले के अंबेली ब्लास्ट की घटना में शामिल होने की बात सामने आ रही है। नक्सलियों ने IED ब्लास्ट कर जवानों से भरे वाहन को उड़ाया था। ब्लास्ट में 8 जवान और एक वाहन चालक शहीद हो गए थे। वही, बीते दिनों दंतेवाड़ा और बीजापुर बॉर्डर पर सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में 45 लाख की इनामी महिला नक्सली लीडर रेणुका उर्फ बानू को ढेर किया था। रेणुका DKSZC- दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी मेंबर थी। शव के साथ एक इंसास राइफल, गोला बारूद और लैपटॉप बरामद किया गया। इससे पहले 25 मार्च को सुरक्षाबलों ने 25 लाख रुपए के इनामी नक्सली सुधीर उर्फ सुधाकर समेत 3 नक्सलियों को मार गिराया था। बस्तर रेंज में जवानों ने 2025 में अबतक 119 नक्सलियों के शव बरामद किए हैं।