हज से पहले सऊदी अरब ने लगाई बड़ी पाबंदी, भारत सहित 14 देशों का वीजा रोका, जानिए पूरा मामला

Photo Source :

Posted On:Monday, April 7, 2025

मुंबई, 07 अप्रैल, (न्यूज़ हेल्पलाइन)। बिना रजिस्ट्रेशन हज में शामिल होने वालों को रोकने के लिए सऊदी अरब ने भारत और पाकिस्तान समेत 14 देशों के वीजा पर रोक लगा दी है। यह रोक अस्थाई है। उमरा, बिजनेस और फैमिली विजिट के लिए मिलने वाले वीजा पर जून महीने के मध्य तक बैन रह सकता है। सऊदी अधिकारियों ने कहा कि जिन लोगों के पास उमरा का वीजा है वे 13 अप्रैल तक सऊदी अरब पहुंच सकते हैं। इस साल हज यात्रा 4 जून से 9 जून तक रहेगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यात्रियों से नए नियमों का पालन करने को कहा गया है। अगर कोई व्यक्ति इस आदेश का उल्लंघन करता है, तो अगले पांच साल तक सऊदी अरब में उसकी एंट्री पर रोक लगाई जा सकती है।

रिपोर्ट्स में कहा गया कि कई विदेशी नागरिक उमरा या विजिट वीजा पर सऊदी अरब आते हैं। वीजा खत्म होने के बाद भी वे गैर-कानूनी तौर पर सऊदी में रुके रहते हैं। इसके बाद वे बिना रजिस्ट्रेशन हज यात्रा में हिस्सा लेते हैं। इसी को रोकने के लिए सऊदी सरकार ने यह फैसला लिया है।
बिना रजिस्ट्रेशन हज यात्रा करने से अधिकारियों को श्रद्धालुओं का अंदाजा नहीं लगता है। भीड़ अचानक बढ़ जाती है और गर्मी भी। भीड़ का नियंत्रण करने में भी अधिकारियों को दिक्कत आती है। अधिकारियों ने बताया कि अवैध कामकाज भी एक बड़ा कारण है। कुछ विदेशी नागरिक व्यापार या पारिवारिक वीजा का इस्तेमाल कर सऊदी अरब में गैर-कानूनी रूप से काम कर रहे थे, जिससे वीजा नियमों का उल्लंघन हो रहा था और मजदूरी बाजार में असंतुलन पैदा हो रहा था। 2024 में हज यात्रा 14 जून से 29 जून के दौरान रखी गई थी। हज यात्रा में बहुत ज्यादा तीर्थयात्रियों के आने से गर्मी का प्रभाव बढ़ गया था। इसके चलते कम से कम 1,200 तीर्थयात्रियों की मौत हो गई थी। इनमें 98 भारतीय भी शामिल थे।

सऊदी अरब में हज के लिए एक कोटा प्रणाली लागू है, जिसके तहत हर देश के तय संख्या में हज यात्रियों को यात्रा करने की अनुमति दी जाती है।
इंडोनेशिया का कोटा सबसे ज्यादा है। इसके बाद पाकिस्तान, भारत, बांग्लादेश, नाइजीरिया का नंबर है। ईरान, तुर्किये, मिस्र, इथियोपिया समेत कई देशों के श्रद्धालु आते हैं। 2025 में किए गए हज एग्रीमेंट पर भारत और सऊदी ने दस्तखत किए। इसमें हज के लिए 1,75,025 श्रद्धालुओं का कोटा फाइनल हुआ। इसमें 70% हिस्सा केन्द्रीय हज कमेटी को और 30% प्राइवेट टूर एजेंट्स को दिया गया है। भारत में 2025 के हज के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 13 अगस्त 2024 से 9 सितंबर 2024 तक किया गया। पिछले साल हज यात्रा में शामिल होने 1,75,000 भारतीय मक्का पहुंचे थे। 98 श्रद्धालु भीड़ और गर्मी की वजह से मारे गए थे। वहीं, सऊदी अधिकारियों ने कहा है कि 13 अप्रैल 2025 उमरा वीजा जारी करने की अंतिम तारीख होगी। इस तारीख के बाद, इन 14 देशों के नागरिकों को हज यात्रा पूरी होने तक नए वीजा नहीं दिए जाएंगे। साथ ही, मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सऊदी के प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने अधिकारियों को वीजा प्रक्रिया को और कड़ा करने के निर्देश दिए हैं। सऊदी हज और उमरा मंत्रालय ने साफ किया है कि यह कदम किसी भी राजनयिक विवाद से जुड़ा नहीं है, बल्कि यह हज यात्रा को सुरक्षित और बेहतर ढंग से आयोजित करने के लिए लिया गया फैसला है।


बलिया और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. balliavocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.